मेरठ: कांग्रेस किसान-नौजवान बचाओ यात्रा विवादित बनी
मेरठ: कांग्रेस की किसान-नौजवान बचाओ यात्रा मेरठ पहुंचते ही विवादों में घिर गई। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली। सहारनपुर से शुरू हुई यह यात्रा बेगमपुल जीरोमाइल स्थित एसजीएम गार्डन पहुंची, जहां भारी पुलिस और पीएसी बल तैनात था। प्रशासन ने धारा 144 का हवाला देते हुए यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया।
कांग्रेस नेता दिल्ली रोड पर नई मंडी तक करीब 6 किलोमीटर लंबी यात्रा निकालने पर अड़े रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बेगमपुल से आगे बढ़ने नहीं दिया। राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा, संयोजक अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा सहित नेताओं की पुलिस अधिकारियों के साथ घंटों बहस हुई। पांच घंटे के विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने केवल 20 कार्यकर्ताओं को लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा तक जाने की अनुमति दी, जहां नेताओं ने माल्यार्पण कर यात्रा समापन किया।