JAMSHEDPUR : टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन को मिली मंजूरी, कोल्हान के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी
टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन को मिली मंजूरी
कोल्हान के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी
जमशेदपुर (झारखंड)। जमशेदपुर एवं पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और अत्यंत हर्ष का विषय है। वर्षों से लंबित बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए रेलवे बोर्ड ने संतरागाछी टाटानगर जयपुर सीधी ट्रेन सेवा के प्रस्ताव को अपनी आधिकारिक मंजूरी प्रदान कर दी है।
यह मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई जा रही थी। वर्ष 2014 में सांसद बनने के बाद से ही टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी रेल सेवा प्राथमिकता में शामिल रही। इस दिशा में लगातार रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रयास किए गए। बीच में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के विस्तार का प्रयास भी किया गया, लेकिन तकनीकी कारणों से वह संभव नहीं हो सका।
हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस विषय को प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र एवं सुविधाजनक रूट पर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। रेलवे बोर्ड के कार्यपालक निदेशक विकास जैन द्वारा इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई।
जमशेदपुर एवं कोल्हान क्षेत्र में बड़ी संख्या में राजस्थान मूल के लोग निवास करते हैं, जो लंबे समय से इस सेवा की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब यात्रियों को अन्य शहरों पर निर्भर रहने या लंबी दूरी के वैकल्पिक मार्ग अपनाने की आवश्यकता नहीं होगी। इस नई ट्रेन सेवा में टाटानगर स्टेशन को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। रेलवे द्वारा जल्द ही ट्रेन के परिचालन, समय-सारणी एवं अन्य विवरणों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
जमशेदपुर की प्रगति और क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई है।