JAMSHEDPUR : खरीफ से पहले तैयारियों पर जोर, उपायुक्त ने विभागों को दी तेजी लाने की सख्त हिदायत
खरीफ से पहले तैयारियों पर जोर, उपायुक्त ने विभागों को दी तेजी लाने की सख्त हिदायत
जमशेदपुर (झारखंड)। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन एवं अन्य संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से खरीफ मौसम के पूर्व आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराए जाएं तथा जल संचयन से संबंधित संरचनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि के लिए नई गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के तरीकों को अपनाने पर बल दिया।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके।
जिला प्रशासन किसानों की आय बढ़ाने एवं कृषि विकास को लेकर प्रतिबद्ध है।