मेरठ : पल्लवपुरम में आग लगने से दो की मौत, 10 घायल
मेरठ : पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के रोशनपुर डोरली गांव में देर रात एक मकान में अचानक आग लग गई, जिसमें घर के अंदर मौजूद 12 लोग लपटों और धुएं के बीच फंस गए। रात करीब 2 बजकर 15 मिनट पर सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला, कई लोग बेहोशी की हालत में मिले।
घायलों को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 8 वर्षीय बच्ची शिवानी उर्फ लाली और उनके पिता सागर पुत्र भूषण गिरी (35 वर्ष) की मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की मौत फेफड़ों में अत्यधिक धुआं भर जाने के कारण दम घुटने से हुई। घायल अन्य 10 लोगों का इलाज जारी है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।