JAMSHEDPUR : पोटका विधानसभा : पंचायत सचिवालय बंद मिलने पर विधायक नाराज
पोटका विधानसभा : पंचायत सचिवालय बंद मिलने पर विधायक नाराज
जमशेदपुर (झारखंड)। पोटका विधानसभा के विधायक संजीव सरदार ने आज पोटका प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोवाली स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र सह ग्राम पंचायत सचिवालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिवालय में ताला लटका मिला, जिससे आम जनता के कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे थे। इस पर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा एवं सरकारी योजनाओं के सुचारु संचालन के लिए पंचायत सचिवालय का नियमित रूप से खुला रहना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन इस तरह की लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं है।
विधायक ने तत्काल फोन के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों को मामले की जानकारी दी और स्पष्ट निर्देश दिया कि सचिवालय बंद रहने की जांच कर दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने दोहराया कि जनता के अधिकारों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पोटका विधानसभा की जनता की हर समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता है।