logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पीएम मोदी ने देश को सौंपा गंगा एक्सप्रेसवे, बताई ये विशेषता

मेरठ। उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देने वाले ऐतिहासिक गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण माननीय प्रधानमंत्री द्वारा जनपद हरदोई से किया गया। लगभग 36 हजार 230 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 594 किलोमीटर लंबे मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद मेरठ के ग्राम बिजौली में भी आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक देखा।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का शॉल ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण हेतु भूमि देने वाले ग्राम प्रधान एवं ब्लॉक अध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया। सूचना विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेसवे का यह वरदान मां गंगा का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि जैसे मां गंगा सदियों से देश की जीवन रेखा रही हैं, उसी प्रकार आधुनिक भारत में गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा। इस एक्सप्रेसवे से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच दूरी कम होगी, किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंच मिलेगी तथा औद्योगिक विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार मेरठ से आगे हरिद्वार तक करने की योजना पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को देश में सर्वाधिक एक्सप्रेसवे वाला प्रदेश बताते हुए कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकसित भारत की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नया भारत और नया उत्तर प्रदेश आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाईवे और ग्रामीण सड़कों का लगभग चार लाख किलोमीटर का मजबूत नेटवर्क तैयार हो चुका है, जो अर्थव्यवस्था और आवागमन दोनों को सशक्त बना रहा है।

प्रभारी मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि वर्ष 2021 में शिलान्यास और वर्ष 2026 में लोकार्पण के साथ गंगा एक्सप्रेसवे विकास की नई कहानी लिख रहा है। अब मेरठ से प्रयागराज की दूरी लगभग छह घंटे और मेरठ से लखनऊ की दूरी चार घंटे में तय की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यह लोकार्पण केवल एक परियोजना का उद्घाटन नहीं बल्कि भारत की सभ्यता, संस्कृति और आत्मा को जोड़ने वाला क्षण है।

राज्यमंत्री ऊर्जा डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मेरठ सहित पूरा प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे न केवल आर्थिक प्रगति बल्कि सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक बनेगा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

3
736 views

Comment