GARHWA : गढ़वा सदर अस्पताल की बदहाली उजागर, स्लाइन स्टैंड तक नसीब नहीं
गढ़वा सदर अस्पताल की बदहाली उजागर, स्लाइन स्टैंड तक नसीब नहीं
गढ़वा (झारखंड)। गढ़वा जिले के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस अस्पताल को भले ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बताया जाता हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग तस्वीर पेश कर रही है।
ताजा मामले में सड़क दुर्घटना में घायल एक मरीज को इलाज के दौरान स्लाइन चढ़ाने के लिए स्टैंड तक उपलब्ध नहीं हो पाया। मजबूरी में मरीज के परिजनों को खुद हाथ में स्लाइन की बोतल पकड़कर ड्रिप चढ़वानी पड़ी। यह दृश्य अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और स्वास्थ्य तंत्र की लापरवाही को साफ तौर पर उजागर करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में आए दिन इस तरह की समस्याएं सामने आती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सवाल यह उठता है कि जब बुनियादी सुविधाएं ही उपलब्ध नहीं हैं, तो करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए इस अस्पताल का उद्देश्य आखिर क्या है।
इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं और लोगों ने जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।