“खाकी का जज़्बा: 2600+ रिक्रूट्स ने ली शपथ, परेड में दिखा दम और अनुशासन”
मेरठ। हापुड़ रोड स्थित 44वीं वाहिनी पीएसी में 378 रिक्रूट्स ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि डीआईजी साइबर क्राइम पवन कुमार ने जवानों को खाकी वर्दी की गरिमा और पुलिस की जिम्मेदारियों का पाठ पढ़ाया। सेना नायक राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित परेड के बाद परिजनों की खुशी देखते ही बन रही थी।
दूसरी बड़ी पासिंग आउट परेड कोतवाल धन सिंह गुर्जर पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में आयोजित हुई, जहां 1477 महिला आरक्षियों ने प्रशिक्षण पूरा कर खाकी वर्दी की जिम्मेदारी संभाली। मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक मुख्यालय रेणुका मिश्रा ने परेड की सलामी ली। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षी गरिमा चौधरी, मोहिनी और ममता शर्मा को सम्मानित किया गया
वहीं मेरठ पुलिस लाइन में भी पासिंग आउट परेड समारोह आयोजित किया गया जिसमें 763 रिक्रूट्स यूपी पुलिस का हिस्सा बने। कदमताल करते जवानों को देखकर परिजनों की आंखें खुशी और गर्व से भर उठीं। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कानून व्यवस्था की जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने की।
खाकी वर्दी पहनते ही ये रिक्रूट्स अब सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।