logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ईकड़ी में रालोद की एकता रैली में उमड़ा जनसैलाब, समापन के बाद हादसे से मचा हड़कंप

मेरठ। सरधना क्षेत्र के गांव ईकड़ी में राष्ट्रीय लोकदल की एकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। रैली में केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने समाज में एकता और आपसी सहयोग को सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिशें देश और समाज दोनों को कमजोर करती हैं।

सभा को संबोधित करते हुए जयंत सिंह ने कहा कि संगठन में युवाओं को आगे बढ़ाने की नीति अपनाई जा रही है और नया नेतृत्व तेजी से काम करेगा। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी। साथ ही उन्होंने गन्ने का भाव 400 रुपये पार कराने के वादे को पूरा करने की बात भी दोहराई।

राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने चौधरी अजित सिंह की अंतिम इच्छा को याद करते हुए क्षेत्र में भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत करने की अपील की। हाल ही में जेडीयू छोड़कर रालोद में शामिल हुए वरिष्ठ नेता के सी त्यागी ने पार्टी के इतिहास को याद करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह ने लोकदल की स्थापना किसानों और कांग्रेस के खिलाफ मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करने के लिए की थी।

कार्यक्रम से पहले सकौती गांव में हितकारी किसान इंटर कॉलेज परिसर में महाराजा सूरजमल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंच से नेताओं ने संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया।

रैली में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, सांसद चंदन चौहान, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, विधायकगण तथा क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के कई पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता भी ग्रहण की।

रैली में आने वाले लोगों को सुनील रोहटा ने स्मृति चिन्ह के रूप में तस्वीरें भेट की ये तस्वीरें पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह पूर्व मंत्री चौधरी अजीत सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की थी।

रैली के समापन के बाद रालोद के पूर्व जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़ अचानक भीड़ में गिर पड़े इसी दौरान एक स्कॉर्पियो का अगला पहिया उनके पैर पर चढ़ गया जिससे वह घायल हो गए कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें उठाकर टेंट में बिठाया 15 मिनट बाद उनकी निजी कर जाम से निकलकर मौके पर पहुंची इसके बाद उन्हें मेरठ लाया गया वहीं हादसे के समय रालोद के अधिकांश नेता कार्यक्रम स्थल पर ही मौजूद थे

0
443 views

Comment