काशी राजघाट स्थित वसंत महिला महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत पृथ्वी दिवस पर गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प...
वाराणसी, । पृथ्वी दिवस पर बुधवार को बनारस के शिक्षण संस्थानों में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प गूंजा। महाविद्यालयों के साथ प्राथमिक, माध्यमिक और निजी विद्यालयों में भी पृथ्वी दिवस पर विविध जागरूकता कार्यक्रम हुए। राजघाट स्थित वसंत महिला महाविद्यालय के भूगोल विभाग की तरफ से जागरूकता कार्यक्रम और पौध वितरण समारोह हुआ।
विभाग की ओर से प्राचार्य प्रो. अलका सिंह और विभागाध्यक्ष प्रो. अंजना सिंह को स्मृति स्वरूप पौधे भेंट किए गए। प्राचार्य ने विभाग के इस प्रयास की सराहना की। इसके बाद डॉ. अनामिका सिंह ने छात्राओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और जनसमूह के बीच औषधीय एवं छायादार पौधों का वितरण किया।
रवींद्रपुरी स्थित गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज में होम्योपैथी चिकित्सक और ग्रीन ईको मूवमेंट सोसायटी के संचालक डॉ. रमेश कुमार भाटिया ने बच्चों की लगाई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
वाराणसी संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जितेंद्रधर द्विवेदी ने वैदिक मंत्रों से धरती माता की आराधना की। कार्यक्रम में प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार शाह, निदेशिका डॉ. शालिनी शाह, उप प्रबंधक डॉ. अभिनव भट्ट, प्रधानाचार्य नीति जायसवाल मुख्य प्रशासनिक अधिकारी स्मृति साह, समन्वयक रत्नेश गोविंद, प्रशासनिक सलाहकार सुभाष सिंह आदि रहे।
इधर, प्राथमिक विद्यालय मंडुआडीह में बच्चों ने नाटक के जरिए पौधों का महत्व बताया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।बच्चों ने क्राफ्ट और बैज बनाकर अपनी सृजनात्मकता दिखाई।
राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रामनगर की 30 यूपी गर्ल्स बटालियन के 150 एनसीसी कैडेट्स की जागरूकता रैली को प्रवक्ता गीता वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में वेस इंडिया के निदेशक और जिला पर्यावरणीय समिति के सदस्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय जलीय जीव गंगा डॉल्फिन सहित अन्य जीव-जंतुओं के संरक्षण का संदेश दिया।
चिरईगांव के गौराकलां प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका आरती देवी के मार्गदर्शन में पृथ्वी दिवस कार्यक्रम हुआ।