मेरठ सेंट्रल मार्केट में उबाल: 12 दिन से धरने पर बैठी महिलाओं का बड़ा ऐलान — “कल होगी 13वीं”
मेरठ। भीषण गर्मी के बीच मेरठ का सेंट्रल मार्केट इन दिनों संघर्ष का केंद्र बना हुआ है। पिछले 12 दिनों से धरने पर बैठी महिलाओं का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है।
आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा कि कल वे अपने “विश्वास और व्यापार की 13वीं” करेंगी — यानी आंदोलन को एक नए और निर्णायक मोड़ पर ले जाएंगी।
धरने पर बैठी महिलाओं ने राजनीतिक दलों पर भी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि उन्हें क्षेत्रीय बीजेपी नेताओं से काफी उम्मीद थी, लेकिन अब तक कोई भी नेता धरना स्थल तक नहीं पहुंचा। इतना ही नहीं, महिलाओं का आरोप है कि विपक्षी दलों को भी यहां आने से रोका गया।
अब महिलाओं ने खुला ऐलान कर दिया है—
“सभी विपक्षी पार्टियों का स्वागत है, आइए और हमारा साथ दीजिए।”
महिलाओं का आरोप है कि आवास विकास परिषद उनके साथ अन्याय कर रहा है। पहले 44 भूखंडों को सील किया गया और अब 815 भूखंडों पर नोटिस चस्पा करने की तैयारी है, जिनमें से कुछ पर नोटिस जारी भी हो चुके हैं।
इतना ही नहीं, व्यापार पूरी तरह ठप करा दिया गया है और मकानों के आगे के हिस्से को तोड़ने के आदेश ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
यही वजह है कि महिलाएं पिछले 12 दिनों से लगातार धरने पर डटी हुई हैं और अब उनका आंदोलन और तेज होने के संकेत दे रहा है।
सवाल अब बड़ा है: क्या प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस आवाज को सुनेंगे, या यह आंदोलन और उग्र होगा?