RANCHI : रांची में दिनदहाड़े चली गोली, मंदिर से लौट रहे जमीन कारोबारी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
रांची में दिनदहाड़े चली गोली, मंदिर से लौट रहे जमीन कारोबारी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
रांची (झारखंड)। राजधानी में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब मंगलवार को पंडरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। ओटीसी ग्राउंड के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक जमीन कारोबारी को निशाना बनाते हुए गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए।
घायल की पहचान भार्गव सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब भार्गव सिंह मंदिर में पूजा करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने पीछे से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि इस वारदात को तीन हमलावरों ने मिलकर अंजाम दिया। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे जमीन विवाद या कोई पुरानी रंजिश तो नहीं है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।