बैरवा समाज नवयुवक टीम ने मिशन के जरिए जुटाई बड़ी सहायता राशि
(संवाददाता देवी लाल बैरवा) दौसा जिले के जसोता गांव में एक के बाद एक दुखद घटनाओं ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। स्वर्गीय गिर्राज बैरवा का दिनांक 4 अप्रेल 2026 को गिरने से निधन हो गया। इससे लगभग 2 वर्ष पूर्व उनकी पत्नी का भी असामयिक निधन हो चुका था, जिससे परिवार पूरी तरह से टूट गया। परिवार में तीन बेटियां और एक 8 वर्ष का छोटा बेटा है, जिनकी देखभाल करने वाला अब कोई सहारा नहीं बचा है। ऐसी विषम परिस्थिति में बैरवा समाज नवयुवक टीम ने मानवता का परिचय देते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार दो सेवा अभियान चलाई । पहला मिशन (पत्नी के निधन के समय) में सभी समाज के सहयोग से ₹2,50,100 की सहायता राशि एकत्रित की गई। और वर्तमान मिशन (स्व. गिर्राज बैरवा के निधन पर) में अब तक 10 बोरी गेहूँ की और ₹1,46,788 की राशि एकत्रित की गई। सभी समाज के लोगों ने दिल खोलकर सहयोग करते हुए पीड़ित परिवार को संबल प्रदान किया। इस सेवा कार्य की देख-रेख मुकेश बैरवा (BSF), हर लाल गुरुजी, प्रहलाद बैरवा, एवं राजवीर बैरवा द्वारा की गई, जबकि ग्रुप का संचालन बालू सहाय बैरवा (स्वास्थ्य विभाग), रमेश बैरवा (ITBP, दिल्ली), सुनील एवं अंशु ने किया। एकत्रित सहायता राशि ग्राम सरपंच हरिनारायण मीणा की उपस्थिति में पीड़ित परिवार को ससम्मान सौंप दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को बीपीएल सूची में शामिल कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए।