CHAIBASA : JPSC प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 27 केंद्रों पर कदाचार मुक्त संचालन के निर्देश
JPSC प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 27 केंद्रों पर कदाचार मुक्त संचालन के निर्देश
चाईबासा (झारखंड)। 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में वरीय अधिकारियों, नोडल पदाधिकारियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, उड़न दस्ता मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षक सहित सभी संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा आयोजन के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा में तैनात सभी दंडाधिकारी एवं कर्मियों—जैसे वीडियोग्राफर, चतुर्थ वर्ग कर्मचारी आदि—को अलग-अलग रंग के पहचान पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि पहचान में किसी प्रकार की समस्या न हो।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान सभी दंडाधिकारी, केंद्र अधीक्षक, वीक्षक एवं सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर हेल्प डेस्क संचालित करने और आवश्यक प्रपत्रों को समयानुसार संधारित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के बाद केंद्रों का निरीक्षण
बैठक उपरांत अधिकारियों द्वारा चाईबासा स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया, जिनमें टाटा कॉलेज चाईबासा, टाटा कॉलेज कॉलोनी मध्य विद्यालय एवं सेंट विवेका विद्यालय शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान प्रवेश द्वार पर जांच व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और जैमर की उपलब्धता का जायजा लिया गया।
इस दौरान यह सख्त निर्देश दिया गया कि परीक्षार्थी केवल वैध दस्तावेजों के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करें और परीक्षा समाप्ति के बाद ही परिसर से बाहर जाएं। साथ ही, परीक्षा के दिन अभिभावकों के लिए सुगम व्यवस्था एवं शहर में यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।