ब्राह्मण समाज के उत्पीड़न, प्रशासनिक तानाशाही और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने कड़ी चेतावनी
मेरठ के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी ने प्रदेश की वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरठ प्रशासन निष्पक्ष संवैधानिक भूमिका निभाने के बजाय सत्ताधारी दल के प्रभाव में कार्य कर रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में पार्टी ने कहा कि ब्राह्मण समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लगातार रोका जाना चिंताजनक है। परशुराम जयंती समारोह और मेधावी बालिकाओं को स्कूल बैग वितरण कार्यक्रम की अनुमति निरस्त किए जाने को समाज के सम्मान के विरुद्ध बताया गया।
राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने राज्य सरकार से मांग की है कि भगवान परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए, ताकि सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक सम्मान को संरक्षण मिल सके।
इसके साथ ही प्रेस वार्ता में कई अन्य मुद्दे भी उठाए गए। पार्टी ने मेरठ के सेंट्रल मार्केट ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को तुरंत रोकने और व्यापारियों को न्याय देने की मांग की। वहीं नोएडा में मजदूरों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए पीड़ितों को मुआवजा और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करता और समाज विशेष को निशाना बनाना बंद नहीं करता, तो राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।