logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

PAKUR : पाकुड़ में अपराध नियंत्रण पर जोर : मासिक गोष्ठी में सख्त निर्देश, बेहतर कार्य पर थाने सम्मानित

पाकुड़ में अपराध नियंत्रण पर जोर : मासिक गोष्ठी में सख्त निर्देश, बेहतर कार्य पर थाने सम्मानित

पाकुड़ (झारखंड)। पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में 17 अप्रैल 2026 को मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, अनुसंधान में तेजी और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि मार्च माह में दर्ज 106 कांडों के मुकाबले 110 कांडों का निष्पादन किया गया है। शेष लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें जल्द से जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया। चोरी, गृहभेदन और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रि गश्ती और टाइगर मोबाइल को और सक्रिय करने तथा सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया।

अवैध कोयला, पत्थर और बालू के उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला खनन टास्क फोर्स के साथ नियमित छापेमारी कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, बाल विवाह, नशामुक्ति, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला अत्याचार और सड़क सुरक्षा जैसे मुद्दों पर स्कूल-कॉलेजों में हर माह जागरूकता अभियान चलाने का आदेश दिया गया।

बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिला परिवहन विभाग के साथ समन्वय बनाकर नियमित वाहन जांच, हेलमेट, सीट बेल्ट, रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस की जांच तथा ड्रंक ड्राइविंग के खिलाफ अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

बैठक में पिछले पांच वर्षों के संगीन और संपत्तिमूलक कांडों में शामिल अपराधियों को दागी, निगरानी और गुंडा पंजी में दर्ज कर उन पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। न्यायालय में लंबित मामलों में गवाहों की समय पर पेशी और दस्तावेजों के समुचित संधारण पर भी विशेष बल दिया गया।

साथ ही थाना आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया। आगामी JPSC एवं अन्य परीक्षाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा गया।

बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों को e-Sakshya App का प्रशिक्षण दिया गया और इसके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समाधान भी किया गया।

अंत में, महेशपुर, पाकुड़िया, मुफ्फसिल, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा थाना एवं सिमलोंग ओपी को जून 2025 से अब तक वारंट निष्पादन में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

23
1330 views

Comment