20-25 युवकों ने हथियारों के साथ घर में घुसकर किया जानलेवा हमला।
खरखौदा/सोनीपत/हरियाणा/सोमपाल सैनी - 7988804545, 8950236002
मिली जानकारी के अनुसार खरखौदा के गांव सिसाना-2 में पुरानी रंजिश के चलते करीब दो दर्जन युवकों द्वारा एक घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है।
पीड़ित हिमांशु ने थाना खरखौदा में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि रविवार को खेत में हुई मारपीट की रंजिश रखते हुए आरोपी वेदवृत उर्फ बिल्लू, योगेश और सौरव ने 20-25 अन्य युवकों के साथ मिलकर उनके घर पर धावा बोल दिया।
पीड़ित के अनुसार, हमलावर चार-पांच गाड़ियों में सवार होकर आए थे और उनके हाथों में बंदूक, तलवारें, सरिए और डंडे थे।
शोर मचाने पर जब हिमांशु और उनकी माता ने खुद को कमरे में बंद किया, तो आरोपियों ने लात-मुक्कों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि उस वक्त उनके पिता घर पर नहीं थे, अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी हथियारों सहित फरार हो गए हैं और अब उनके पूरे परिवार को जान का खतरा है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।