logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

PATNA : औरंगाबाद की इंजीनियरिंग छात्रा की पटना में हत्या, जाने पूरी कहानी आरोपी गिरफ्तार

औरंगाबाद की इंजीनियरिंग छात्रा की पटना में हत्या : बॉयफ्रेंड ने लैपटॉप देने के बहाने रूम में घोंट दिया गला, शादी का दबाव बना रही थी लड़की, आरोपी गिरफ्तार।

पटना/औरंगाबाद (बिहार)। पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर में 21 साल की इंजीनियरिंग छात्रा की उसके ही प्रेमी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी लैपटॉप देने के बहाने छात्रा के रेंटेड कमरे पर पहुंचा था। हत्या के बाद वह कमरा बाहर से बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी आर्थव श्रीवास्तव उर्फ राज को बुधवार को बक्सर से गिरफ्तार कर लिया है।

औरंगाबाद की रहने वाली थी मृतका

मृतका की पहचान अनुपमा कुमारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से औरंगाबाद जिले के खुदवा थाना के मालवा डेहरी गांव की रहने वाली थी और पिछले कुछ साल से पटना के बिहटा में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। अनुपमा नेताजी सुभाष इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NSIT), बिहटा से डिप्लोमा कर रही थी। आरोपी आर्थव श्रीवास्तव भी उसी कॉलेज में उसी बैच का छात्र है।

शादी के दबाव और झगड़े से था नाराज

पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि अनुपमा और बक्सर निवासी आर्थव के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों का डिप्लोमा का अंतिम वर्ष था। इसी कारण अनुपमा लगातार आर्थव पर शादी का दबाव बना रही थी। इसके अलावा छोटी-छोटी बातों पर भी दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

पुलिस के मुताबिक, घटना से 2 दिन पहले कॉलेज में 2 दिवसीय ‘क्रस्ट इवेंट’ का आयोजन हुआ था। उसमें फोटो खींचने को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इन सभी बातों से आर्थव नाराज चल रहा था।

12 अप्रैल को दिया वारदात को अंजाम

जांच में सामने आया कि 12 अप्रैल की दोपहर करीब 12 बजे आर्थव ने अनुपमा को फोन किया और लैपटॉप देने के बहाने उसके कमरे पर पहुंचा। वहां भी दोनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट होने लगी। इसी दौरान आर्थव ने अनुपमा का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने कमरे में बाहर से ताला लगा दिया और फरार हो गया।

13 अप्रैल की रात अनुपमा का शव उसके कमरे में बेड पर पड़ा मिला। सूचना पर बिहटा पुलिस मौके पर पहुंची।

SIT ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए दानापुर DSP-2, बिहटा थानाध्यक्ष और टेक्निकल टीम को मिलाकर एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया था। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। दुष्कर्म की आशंका पर पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकता है।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी आर्थव श्रीवास्तव को बक्सर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। मेडिकल और FSL रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

47
1021 views

Comment