BOKARO : सोना-चांदी की दुकान में लाखों की चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सोना-चांदी की दुकान में लाखों की चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बोकारो (झारखंड)। 29 मार्च 2026 को पेटरवार थाना क्षेत्र के पिछरी बस्ती स्थित एक सोना-चांदी की दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल उद्भेदन कर लिया है। दुकान संचालक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसमें लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी निसार अली उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गए सोने के आभूषणों में सोने की चेन, अंगूठियां और अन्य सामान बरामद किया है, जिनकी कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा के प्रति भरोसा बढ़ा है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।