CHAIBASA : नोवामुंडी में 6 मोबाइल चोरी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार — छापेमारी में सभी मोबाइल बरामद
नोवामुंडी में 6 मोबाइल चोरी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार — छापेमारी में सभी मोबाइल बरामद
चाईबासा/जमशेदपुर (झारखंड)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में पार्सल डिलीवरी के दौरान हुई मोबाइल चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी किए गए कुल 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को दीपासाई, जगन्नाथपुर निवासी 22 वर्षीय अमरजीत कुमार ने लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि पार्सल डिलीवरी के दौरान उसके बैग से 6 मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए नोवामुंडी थाना में कांड संख्या 12/26, धारा 303(2) BNS 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस द्वारा एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी चोरी किए गए मोबाइल को बाजार में बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाजार क्षेत्र में छापेमारी की, जहां से आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी किए गए मोबाइल उसके पास और उसके सहयोगियों के पास हैं। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर सभी 6 मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों में ललित दास (24 वर्ष), कुंदन रजक (20 वर्ष) और उज्जवल रोहित एक्का उर्फ हीरा (34 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से VIVO T4 Lite 5G और Motorola Edge 60 Fusion 5G जैसे महंगे स्मार्टफोन जब्त किए हैं।
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम के अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।