अप्रैल 2026 की दरमियानी रात राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने सौंसर क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई की।
अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन
पोकलेन मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, मामला कलेक्टर न्यायालय भेजा जाएगा
पांढुर्णा जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर 8 और 9 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने सौंसर क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई की।
सूचना मिलने पर टीम ने तहसील सौंसर के ग्राम बिछुआबग्गू स्थित शोभना नदी क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण किया, जहां अवैध रूप से रेत का उत्खनन किया जा रहा था। मौके पर बिना किसी अनुमति के पोकलेन मशीन से खनन करते पाए जाने पर एक टाटा हिताची पोकलेन मशीन को तुरंत जब्त कर लिया गया।
जांच में स्पष्ट हुआ कि शासकीय भूमि से नियमों को दरकिनार कर अवैध उत्खनन किया जा रहा था। इस पर खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर जुर्माना लगाने की कार्रवाई के लिए मामला कलेक्टर न्यायालय पांढुर्णा भेजा जाएगा।
इसी दौरान टीम ने बिछुआबग्गू-खैरीबडोसा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली (MP28ZC3126 एवं MP28AC5196) को भी पकड़ा। दोनों वाहनों को रेत सहित जब्त कर पुलिस थाना सौंसर में खड़ा कराया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एसडीएम सौंसर श्री सिद्धार्थ पटेल, नायब तहसीलदार श्री अशोक अडमे, सहायक खनि अधिकारी श्री महेश नगपुरे, पटवारी श्री युवराज राहांगडाले सहित पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग का संयुक्त अमला मौजूद रहा।