BHU हॉस्टल में घुसकर छात्रों पर जानलेवा हमला, दरोगा समेत 3 पर FIR दर्ज
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) का चाणक्य छात्रावास एक बार फिर सुर्खियों में है। हॉस्टल के कमरा नंबर 72 में रहने वाले छात्रों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें कानपुर में तैनात एक दरोगा (SI) और उसके साथियों पर छात्रों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। लंका थाना पुलिस ने पीड़ित छात्र की शिकायत पर दरोगा समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, चाणक्य छात्रावास के कमरा नंबर 72 में बीए एलएलबी (BA LLB) के छात्र हर्ष और प्रशांत कुमार रूम पार्टनर के तौर पर रहते हैं। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रशांत ने अपने भाई, जो कि यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) है, को बुला लिया।धोखे से घुसे और कर दिया हमला
पीड़ित छात्र प्रशांत राज की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, कानपुर के कलेक्टरगंज थाने में तैनात SI मनोज कुमार, अपने साथी मोहित कुमार और प्रशांत कुमार के साथ धोखे से छात्रावास में दाखिल हुए। आरोपियों ने कमरे में मौजूद हर्ष और प्रशांत राज पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों छात्रों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
CCTV में कैद हुई दहशत
हॉस्टल परिसर में हुई यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और हमले की पुष्टि होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।पुलिस की कार्रवाई
लंका थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि "शुरुआती जांच में मामला रूम पार्टनर्स के बीच आपसी विवाद का लग रहा है, जिसमें दरोगा भाई को बुलाकर मारपीट की गई। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।