logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मोदरान में लगातार चोरियों से दहशत: ज्वेलरी शॉप में लाखों की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मोदरान में लगातार चोरियों से दहशत: ज्वेलरी शॉप में लाखों की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जगमालसिंह राजपुरोहित मोदरान (जालौर)
मोदरान कस्बे में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों और व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा मामला रेलवे स्टेशन के पास श्री आशापुरी माताजी मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप में लाखों रुपए के जेवरात चोरी का है। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ज्वेलरी शॉप के ताले तोड़ लाखों के जेवरात पार
बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। दुकान मालिक नगराज सोनी के अनुसार, चोरी की वारदात रात करीब एक बजे के आसपास हुई।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मार्केट में तैनात नेपाली गार्ड बहादुर ने गश्त के दौरान दुकान के टूटे ताले देखे और तुरंत इसकी सूचना दी।
6 किलो चांदी के आभूषण चोरी
पीड़ित ने बताया कि चोर करीब 6 किलो चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान ले गए। घटना के बाद मोदरान पुलिस चौकी अंतर्गत रामसीन पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई और पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
लॉकर खुला रहने से बढ़ा संदेह
इस चोरी में एक चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया है। पुलिस और आभूषण विक्रेता के अनुसार, वारदात की रात दुकान का लॉकर खुला हुआ था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी लाइन में हुई चोरी के दौरान लॉकर की चाबी दुकान के अंदर ही रह गई थी। बार-बार सामने आ रही इस तरह की लापरवाही से मामले में संदेह की स्थिति भी बन रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही मोदरान पुलिस चौकी इंचार्ज जय सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
लगातार वारदातों से दहशत, पुलिस पर उठे सवाल
ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे पहले भी एक ही रात में छह घरों के ताले टूटने और एक अन्य ज्वेलरी शॉप में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है।
लगातार हो रही घटनाओं के चलते लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
उठ रहे बड़े सवाल
लगातार हो रही चोरियों के बीच कई अहम सवाल खड़े हो रहे हैं—
क्या पूर्व में हुई वारदातों से कोई सबक नहीं लिया गया?
आखिर क्यों बार-बार लॉकर जैसी महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही हो रही है?
क्या यह केवल चूक है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है?
“लगातार हो रही वारदातों से कस्बे में भय का माहौल है। पुलिस को जल्द सख्त कदम उठाने चाहिए,” — स्थानीय व्यापारी
ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच कर जल्द खुलासा किया जाए और दोषियों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बहाल किया जाए।

112
4139 views

Comment