मेरठ के मखदुमपुर गंगा घाट पर बड़ा हादसा, गंगा में डूबे चार युवक
मेरठ। मखदुमपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आए पांच युवक गंगा में स्नान करते समय डूब गए इनमें से एक युवक को तो बचा लिया गया जबकि चार अन्य युवकों को बचाने के लिए प्रशासन को एन डी आर एफ और एस डी आर एफ की टीम को लगाना पड़ा। शुक्रवार डूबे युवकों की तलाश में लगी टीमों को रात्रि में सर्च लाइट न होने के कारण अभियान को बंद करना पड़ा।
शनिवार को सुबह से ही युवकों की तलाशी का अभियान शुरू कर दिया गया तकरीबन 6 घंटे की तलाशी के बाद टीम को दोपहर एक बजे दो शवों को निकलने में सफलता हासिल हुई। इसके बाद चार बजे एक और शव निकाल लिया गया। निकाले गये शव की पहचान अभिषेक, हिमांशु और दीपांशु के रूप में हुई।
गौरतलब है कि इंचौली थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी भगवती देवी का अंतिम संस्कार मखदुमपुर गंगा घाट पर किया जा रहा था अंतिम संस्कार के उपरान्त भगवती देवी के परिजन अभिषेक, हिमांशु, दीपांशु प्रियांशु और प्रदीप गंगा स्नान करने कर रहे थे जो गंगा की तेज धारा होने के कारण अचानक संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में चले गए। युवकों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह प्रदीप को बाहर निकाल लिया किंतु अभिषेक, हिमांशु, दीपांशु, प्रियांशु गंगा की तेज धारा में बह गए।
चारों युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम को मौके पर बुला लिया जिन्होंने सर्च अभियान शुरू कर दिया किंतु कई घंटों की तलाश के बाद भी युवकों का पता नहीं चला।
हादसे की गंभीरता को समझते हुए एस डी एम संतोष सिंह, तहसीलदार निरंकार सिंह व नायब तहसीलदार नितेश सैनी भी घाट पर पहुंच गए और वाइल्ड लाइफ विभाग की मोटर बोट से सर्च अभियान चलाया।
अभियान के दौरान क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद संजीव बालियान, विधायक दिनेश खटीक, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, श्रम विभाग के चेयरमैन यशवीर सिंह ने भी शिरकत की।
कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को अभिषेक, दीपांशु और हिमांशु के शव मिले इस दौरान परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया पोस्टमार्टम के बाद जब तीनों शव गांव पहुंचे तो हर किसी की आंख नम थी गमगीन माहौल में तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
मखदुमपुर गंगा घाट पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद तीसरे दिन रविवार को भी राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा लेकिन चौथे युवक प्रियांशु पुत्र सोनू सैनी का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।