मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, सुरक्षा कानूनों की दी गई जानकारी
दुद्धी/सोनभद्र (रिपोर्ट: नितेश कुमार):
विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिनांक 03 अप्रैल 2026 को मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शिव मंदिर, मूडी सेमर में आयोजित हुआ, जहां पुलिस टीम द्वारा ग्रामीण महिलाओं से समन्वय स्थापित कर उन्हें विभिन्न कानूनों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को जीरो एफआईआर एवं ई-एफआईआर की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181, 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1076, 108, 102 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।
इसके अतिरिक्त, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं—मातृ वंदन योजना, कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना एवं सामूहिक विवाह योजना—के बारे में भी महिलाओं को विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।
जागरूकता अभियान के दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा, बाल श्रम एवं घरेलू हिंसा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पुलिस टीम ने महिलाओं से उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाकर आमजन को सुरक्षा के प्रति सतर्क किया गया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक शेषनारायण पांडे, मुख्य आरक्षी अरविंद कुमार एवं महिला आरक्षी सपना मौर्या सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।