खरखौदा समाधान शिविर में एसडीएम ने सुनीं जनसमस्याएं।
खरखौदा/सोनीपत/सोमपाल सैनी - 7988804545, 8950236002
खरखौदा उपमंडल कार्यालय में बृहस्पतिवार को एसडीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में 'समाधान शिविर' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके साथ खरखौदा एसीपी जोगिंद्र शर्मा, तहसीलदार बिजेंद्र नांदल और नायब तहसीलदार अचिन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का मौके पर ही निवारण कर उन्हें राहत पहुँचाना था।
एसडीएम अमित कुमार ने इस दौरान स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और एक निश्चित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित हो।
*प्रमुख शिकायतें और निर्देश:-
शिविर के दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएँ रखीं, जिन पर एसडीएम ने तुरंत संज्ञान लिया।
इस दौरान फरमाणा निवासी संजय की शगुन राशि के मामले में एक एप्पलीकेशन दी हैं। वही शहर में बहुमंजिला निर्माण की शिकायत समाधान शिविर में दी गई हैं।
इसके अलावा थाना कला की सीमा द्वारा दी गई अवैध कब्जे की जाँच करवाने व पहलादपुर में गली निर्माण और रामपुर के सन्नी की परिवार पहचान पत्र में आय सुधार संबंधी मांगों पर भी उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
एसडीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे धरातल पर जाकर निरीक्षण करें और जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।