स्टॉक मार्केट के नाम पर ₹10 लाख से ज्यादा की ठगी करने के आरोप में राजस्थान से 3 गिरफ्तार।
खरखौदा/सोनीपत/हरियाणा/सोमपाल सैनी - 7988804545, 8950236002
सोनीपत जिला पुलिस ने "फ्री स्टॉक मार्केट ट्रेनिंग" और निवेश को 3 गुना करने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक अंतर-राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
मामले में साइबर थाना सोनीपत की टीम ने बाड़मेर, राजस्थान से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला 3 मार्च को तब सामने आया जब सोनीपत के नरेंद्र नगर निवासी पंकज ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, उसे एक टेलीग्राम चैनल के जरिए फ्री में स्टॉक मार्केट सिखाने का न्यौता मिला था।
ठगों ने खुद को एक प्रतिष्ठित कंपनी का प्रतिनिधि बताकर पीड़ित को पैसा निवेश करने पर उसे कम समय में दोगुना और तिगुना करने का लालच दिया।
झांसे में आकर पीड़ित ने 8 से 13 फरवरी के बीच विभिन्न खातों में कुल ₹10,14,022/- जमा कर दिए। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने मना कर दिया, जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ।
राजस्थान से हुई गिरफ्तारी
साइबर थाना प्रबंधक निरीक्षक बसंत कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर छापेमारी की और बाड़मेर से तीन आरोपियों—होता राम, जेठू सिंह और किशना राम (निवासी बालोतरा, राजस्थान) को धर दबोचा।
पुलिस ने इनके कब्जे से ₹2,000 नगद बरामद किए हैं। आरोपियों को रिमांड के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की जनता से अपील
सोनीपत पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है कि अंजान टेलीग्राम लिंक या व्हाट्सएप कॉल पर भरोसा न करें। निवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म की आधिकारिक सत्यता जरूर जांचें।
अत्यधिक मुनाफे के लालच में आकर किसी भी अनजान खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।