कानपुर गैंगरेप कांड के विरोध में वाराणसी में महिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, दोषियों को फांसी की मांग
वाराणसी। कानपुर में काशी की एक नाबालिग बेटी के साथ हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में सोमवार को वाराणसी में जिला एवं महानगर महिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार प्रदर्शन किया गया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा यादव और महानगर अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा ने किया।
"मानवता को शर्मसार करने वाली घटना"नेतृत्व कर रहीं अनुराधा यादव और पूनम विश्वकर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि काशी की एक नाबालिग बेटी अपने रिश्तेदार के यहां कानपुर गई थी, जहां सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों और एक स्थानीय विधायक के करीबियों द्वारा उसके साथ दरिंदगी की गई। उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को त्वरित न्याय, परिवार को सुरक्षा, आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए।
"कानून का राज खत्म, अपराधियों में डर नहीं"
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि मंचों से महिला सुरक्षा की बातें की जाती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़िता के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें:
महिला कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में निम्न मांगें प्रमुख रूप से रखी गईं—
* सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर फांसी की सजा दी जाए
* पीड़ित परिवार को 24 घंटे सुरक्षा के साथ 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए
* पीड़िता को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए
* प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी नीति लागू की जाए
आंदोलन की चेतावनी
महिला कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।ज्ञापन सौंपने वालों में राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा, अशोक सिंह, रेनू चौधरी, हसन मेहदी कब्बन, दिलीप सोनकर, सारिका श्रीवास्तव, किरण देवी, मोनी, आनंद सिंह, राजेश कुमार मौर्य, चंदन पांडेय, कमलेश यादव, कृष्णकांत समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।