वाराणसी: किशोर की पीटकर हत्या, मोबाइल चोरी के शक में बाइक सवार ले गए, अस्पताल में शव छोड़कर फरार
वाराणसी रोहनिया थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के शक में एक किशोर की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 8-10 लोगों ने किशोर को घर से बुलाकर किशोर को रास्ते में बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी युवक को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।
मृतक की पहचान पंडितपुर निवासी 16 वर्षीय सोनू अली के रूप में हुई है।
घर से बुलाकर ले गए आरोपी
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात घमहापुर निवासी बबलू पटेल अपने साथियों के साथ सोनू के घर पहुंचा। उन्होंने सोनू पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया और उसे भदवर पुलिस चौकी ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गए।सोनू को ले जाते देख उसकी मां शहाना भी पीछे-पीछे गईं, लेकिन आरोपियों ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया और आगे नहीं जाने दिया।
लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई
मृतक की मां का आरोप है कि आरोपियों ने सोनू को अंडरपास के पास पंडितपुर पेट्रोल पंप के नजदीक ले जाकर लोहे की रॉड से जमकर पिटाई की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे भदवर पुलिस चौकी लाया गया, जहां मोबाइल चोरी का आरोप दोहराया गया।
हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल ले जाने को कहा, जिसके बाद आरोपी उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिसिरपुर लेकर पहुंचे।
अस्पताल में मृत घोषित, आरोपी फरार
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते सख्ती दिखाती तो आरोपी भाग नहीं पाते।
पुरानी रंजिश का भी आरोप
मृतक के चाचा अख्तर ने बताया कि मुख्य आरोपी बबलू पटेल पहले गौ तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसे शक था कि सोनू ने ही मुखबिरी की थी। इसी रंजिश में उसने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में मोबाइल चोरी के शक में युवक को पकड़े जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।