logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

HAJARIBAG : रामनवमी मंगला जुलूस के दौरान पथराव कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

रामनवमी मंगला जुलूस के दौरान पथराव कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

हजारीबाग (झारखंड)। हजारीबाग जिला के बरकट्ठा / गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम-तुईयो में दिनांक 24.03.2026 को रामनवमी पर्व के मंगला जुलूस के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस बल पर पथराव किए जाने की घटना प्रकाश में आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त अवसर पर बिना लाइसेंस एक जुलूस निकाला गया था, जिसमें शामिल लोगों द्वारा निर्धारित मार्ग से हटकर ग्राम लेवड़ा जमुआ की ओर जाने का प्रयास किया गया।

ड्यूटी में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, अंचलाधिकारी बरकट्ठा एवं थाना प्रभारी द्वारा जुलूस को निर्धारित मार्ग पर चलने हेतु समझाने का प्रयास किया गया, किन्तु जुलूस में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा प्रशासन एवं पुलिस बल पर पथराव कर दिया गया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया गया एवं संभावित बड़ी घटना को समय रहते टाल दिया गया।

इस संबंध में घटना के वीडियो एवं फोटो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की गई, जिसमें कुल 41 नामजद एवं 240 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध गोरहर थाना कांड सं०-12/26, दिनांक-25.03.2026 दर्ज किया गया है।

अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बरही के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसके द्वारा कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त

1. उतीम महतो, पिता – कन्हाई महतो, ग्राम – तुईयो, थाना – बरकट्ठा, जिला – हजारीबाग
2. राजेश कुमार, पिता – केदार महतो, ग्राम – तुईयो, थाना – बरकट्ठा, जिला – हजारीबाग

पुलिस की अपील

रामनवमी पर्व-2026 के अवसर पर हजारीबाग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि रामनवमी जैसे पवित्र पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारा एवं शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार के भड़काऊ गतिविधियों से दूर रहें।
साइबर थाना द्वारा जिले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि) पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

भड़काऊ एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। यदि किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक संदेश, अफवाह या भ्रामक सूचना प्राप्त होती है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन को दें।

सभी नागरिकों से अनुरोध है कि शांति समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों का पालन करें एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

22
1567 views

Comment