यहाँ 13 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली मंजूरी।
खरखौदा/सोनीपत/हरियाणा/सोमपाल सैनी - 7988804545, 8950236002
*खरखौदा ब्लॉक में विकास की बहार: ₹13 करोड़ के कार्यों को मिली मंजूरी, जनसमस्याओं का मौके पर निपटारा - अध्यक्ष पंचायत समिति चेयरमैन सतेन्द्र दहिया (सत्ते रोहट)
खरखौदा, के ग्रामीण विकास को नई गति देने के उद्देश्य से बुधवार को पंचायत समिति खरखौदा की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता पंचायत समिति चेयरमैन सतेन्द्र दहिया (सत्ते रोहट), जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका राजबीर दहिया और बीडीपीओ खरखौदा सुरेंद्र आर्य ने संयुक्त रूप से की।
*विकास कार्यों के लिए ₹13 करोड़ का बजट स्वीकृत
बैठक में विकास कार्यों का खाका खींचते हुए ब्लॉक के विभिन्न गाँवों के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इन विकास कार्यों को जिला परिषद और पंचायत समिति मिलकर पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने विकास कार्यों के लिए '5 स्तंभ' (ग्रांट देने वाले माध्यम) बनाए हैं।
जिससे ग्रामीण स्तर पर विकास कार्यों की बाढ़ आ गई है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में विकास कार्यों की गति में पहले के मुकाबले 5 गुना बढ़ोतरी हुई है।
जनता की समस्याओं का हुआ समाधान
बैठक में 20 पंचायत समिति सदस्यों और ब्लॉक के विभिन्न सरपंचों के साथ-साथ अपनी समस्याएं लेकर आए आम नागरिक भी मौजूद रहे।
चेयरमैन सतेन्द्र दहिया ने लोगों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना। कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के जल्द समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उनका कहना हैं कि "हमारी प्राथमिकता समयबद्ध तरीके से विकास कार्यों को पूरा करना है। धन की कोई कमी नहीं है और हर गाँव की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।"
बैठक के दौरान बीडीपीओ सुरेंद्र आर्य ने प्रशासनिक बारीकियों पर चर्चा की और सरपंचों को पारदर्शिता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस बैठक से क्षेत्र के सरपंचों और समिति सदस्यों में उत्साह देखा गया, क्योंकि बड़े स्तर पर बजट मिलने से गाँवों की पुरानी मांगें पूरी हो सकेंगी।