डा.लक्ष्मीकांत द्वारा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
मेरठ। राज्यसभा सांसद डा0लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने मंगलवार को आनंद अस्पताल में सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर से बचाव के लिए एक व्यापक टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया।
जहाँ 400 बच्चियों को जीवनरक्षक वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान डा.वाजपेयी ने बताया की पीएम नरेन्द्र मोदी द्वारा गत 28 फरवरी 2026 को अजमेर से इस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की गई थी, उसी श्रृंखला में मेरठ में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। यह वैक्सीन हमारी प्रतिष्ठित संस्था ‘सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया’ द्वारा निर्मित स्वदेशी टीका है।
यह एक गंभीर तथ्य है कि देश में हर 8 मिनट में एक महिला की मृत्यु गर्भाशय कैंसर के कारण हो जाती है। लेकिन राहत की बात यह है कि 14 से 15 वर्ष की आयु में यह वैक्सीन लगने के बाद इस बीमारी की संभावना 90 से 95 प्रतिशत तक कम हो जाती है। आनंद अस्पताल की कैंसर विशेषज्ञ डा. गरिमा जैन ने आज उपस्थित जनसमूह को इसके तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।