logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

*सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले नेता बने PM मोदी*

*नई दिल्ली: सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले नेता बने PM मोदी, हेड ऑफ स्टेट के तौर पर 8,931 दिन पूरे किए. पीएम नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व सीएम पवन चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।*
*22 मार्च रविवार 2026*

*नई दिल्ली:* पीएम नरेंद्र मोदी भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री और
देश के प्रधानमंत्री के तौर पर सरकार के प्रमुख के रूप में 8,931 दिन पूरे किए हैं। इसके साथ ही, उन्होंने सिक्किम के पूर्व सीएम पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। चामलिंग 8930 दिन तक हेड ऑफ स्टेट रहे हैं। पीएम मोदी के इस उपलब्धि पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व अन्य नेताओं ने बधाई दिया है।

*7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के सीएम बने थे मोदी:*

पीएम नरेंद्र मोदी ने 7 अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वह लंबे समय तक इस पद पर बने रहे और अपने कार्यकाल में कभी चुनाव नहीं हारे। साल 2014 में प्रधानमंत्री पद के लिए नाम सामने आने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। बीजेपी ने उनके नेतृत्व में साल 2014 में जीत दर्ज की। पीएम पद संभालने के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में BJP ने 2019 और 2024 में भी जीत दर्ज की।

*PM मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मान बढ़ा:*

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 8931 दिनों का सार्वजनिक जीवन सिर्फ एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि निरंतर तप, त्याग और राष्ट्रसेवा का सशक्त उदाहरण है। नितिन नवीन ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक मान बढ़ा है और 'विकसित भारत' एक जनभागीदारी आधारित राष्ट्रीय अभियान के रूप में स्थापित हुआ है। 'राष्ट्रप्रथम' की भावना से प्रेरित यह कार्यकाल अनेक उच्च मापदंड स्थापित करता है, जो हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

*पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत बढ़ रहा आगे रेखा गुप्ता:*

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी को अभूतपूर्व उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके कुशल मार्गदर्शन में हम विकसित भारत के संकल्प की ओर निरंतर अग्रसर रहें, यही मंगलकामना है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के मुखिया के रूप में सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का ऐतिहासिक गौरव प्राप्त किया है। यह कीर्तिमान उनकी अटूट कर्तव्यनिष्ठा और जन-आकांक्षाओं के प्रति उनके पूर्ण समर्पण का प्रतीक है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में विकास की नई परिभाषा गढ़ने से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में भारत को वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तक उनकी यह अविरल यात्रा अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम के संकल्प की सिद्धि है।

*पीएम को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई भजनलाल:*

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने लिखा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता और 'विकसित भारत' के स्वप्नद्रष्टा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले शासन प्रमुख बनने के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर हार्दिक बधाई। आपकी यह अविराम यात्रा 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प और 'विकसित भारत' की सिद्धि के प्रति आपके समर्पण का प्रतिबिंब है। आपके ओजस्वी नेतृत्व में देश 'अंत्योदय' से 'सर्वोदय' के पथ पर चलते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है। मुख्यमंत्री भजन लाल ने एक्स पर लिखा कि प्रभु श्री राम के आशीर्वाद से आपका यशस्वी नेतृत्व देश के लिए एक वरदान सिद्ध हो रहा है। आपके मार्गदर्शन में हमारा राष्ट्र गौरव की नई गाथाएं लिख रहा है। आपकी यह सेवा-साधना अनवरत जारी रहे, यही प्रार्थना है।

*पीएम मोदी हमारे लिए रोल मॉडल पुष्कर सिंह धामी:*

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपका अद्वितीय नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। आपके मार्गदर्शन में देश निरंतर प्रगति और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आपके विकसित भारत 2047 के संकल्प में उत्तराखंड भी निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर होकर अपना योगदान दे रहा है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

3
168 views

Comment