भविष्य की राह चुनेंगे विद्यार्थी, द स्टैनफोर्ड स्कूल में करियर काउंसलिंग का आयोजन:
खरखौदा/सोनीपत (सोमपाल सैनी)
विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से तैयार करने और उन्हें सही दिशा दिखाने के उद्देश्य से द स्टैनफोर्ड स्कूल, थाना खुर्द में शनिवार को एक भव्य करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष सत्र में कक्षा छठीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और करियर से जुड़ी बारीकियों को समझा।
*विशेषज्ञ ने दिए सफलता के मंत्र
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और जाने-माने करियर काउंसलर श्री योगेश वत्स ने छात्रों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने पारंपरिक क्षेत्रों जैसे चिकित्सा और इंजीनियरिंग के साथ-साथ मानविकी, कला और तकनीकी क्षेत्रों में उभर रहे नए और रचनात्मक अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
*सत्र की प्रमुख बातें-
*रुचि और क्षमता: छात्रों को अपनी व्यक्तिगत क्षमताओं और पसंद के आधार पर विषयों का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया।
*शंका समाधान: एक विशेष प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने करियर को लेकर मन में उठने वाले सवालों के बेबाक जवाब प्राप्त किए।
*आधुनिक करियर ग्राफ: बदलते वैश्विक परिदृश्य में आ रहे नए तकनीकी और वोकेशनल करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रतिभा को पहचानना ही सफलता का आधार
स्कूल के चेयरमैन उत्सव दहिया और स्कूल मुखिया पूजा उत्सव दहिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा: कि "ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य छात्रों के भीतर छिपी नैसर्गिक प्रतिभा को पहचानना और उन्हें सही मार्ग दिखाना है।
जब छात्र अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार विषयों का चुनाव करते हैं, तो उनकी सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।"
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्या कुमारी सरिता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक आदित्य राजपूत, रितु कुमार, नीलम लाकड़ा, रितु बाल्यान और काजल का विशेष योगदान रहा।
अभिभावकों ने स्कूल की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के लिए एक सार्थक कदम बताया।