चैत्रीय नवरात्री पर आशापुरी माताजी मंदिर में घट स्थापना के साथ उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मोदरान के सुप्रसिद्ध श्री आशापुरी माताजी मंदिर में गुरुवार को चैत्रीय नवरात्रि का शुभारंभ घट स्थापना के साथ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ।
दोपहर को अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान से घट स्थापना की गई और विशेष आरती व पूजा-अर्चना के साथ नौ दिवसीय नवरात्रि अनुष्ठान का आगाज हुआ।
पंडित भीमाशंकर दवे के साथ कई पंडितों ने दोपहर 12 बजकर 22 मिनट के अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सामूहिक रूप से घट स्थापना सम्पन्न करवाई। ईस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष मोड़ सिंह सोढा, कोषाध्यक्ष छैलसिंह राठौड़,मोड सिंह जागरवाल, जगमालसिंह सुर्यवंशी सहित कई यजमान मौजूद रहे।
घट स्थापना पर वेद मंत्रों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। इस दौरान माताजी से क्षेत्र में खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की गई।
नवरात्रि के प्रथम दिन माताजी की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया। माताजी को नवीन वस्त्रों एवं स्वर्णाभूषणों से सजाया गया। वहीं मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाकर भव्य रूप दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
घट स्थापना की प्रक्रिया पूर्ण होते ही मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मोदरान सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज से आए भक्तों ने माताजी के दर्शन कर शीश नवाया। जय माता दी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
इस दौरान मंदिर से जुड़ी गहरी आस्था और परंपरा भी देखने को मिली। मान्यता है कि नवरात्रि के दिनों में यहां दर्शन करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है, जिसके चलते हर वर्ष हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
मंदिर से जुड़ी जनश्रुति के अनुसार यह स्थान वर्षों से आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है और यहां की परंपराएं आज भी उसी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही हैं। नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां विशेष दुर्गा सप्तशती पाठ,पूजा, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद और अन्य सुविधाओं की व्यवस्थाएं भी की गई हैं, जिससे बाहर से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा मोदरान क्षेत्र भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आ रहा है।