logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

RANCHI : स्पीड पोस्ट से मंगवा रहा था चरस, रांची पुलिस ने 2 लाख के मादक पदार्थ के साथ युवक को दबोचा

स्पीड पोस्ट से मंगवा रहा था चरस, रांची पुलिस ने 2 लाख के मादक पदार्थ के साथ युवक को दबोचा

रांची (झारखंड)। राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 की शाम करीब 6:20 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली कि पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित जतरा मैदान के पास स्पीड पोस्ट के माध्यम से मादक पदार्थों की आपूर्ति की जा रही है।

सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन में कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम मौके पर पहुंचकर संदिग्धों पर नजर रखने लगी। इसी दौरान रात करीब 8:25 बजे एक युवक वहां आता दिखाई दिया, जो पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास करने लगा। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम लाल वेदांत नाथ शाहदेव (उम्र लगभग 25 वर्ष) बताया, जो सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक आसमानी रंग का लिफाफा बरामद हुआ, जिसके अंदर कागज में लिपटा हुआ 10.92 ग्राम चरस (मादक पदार्थ) और “Cali Honey” लिखा हुआ एक इनहेलर मिला। बरामद चरस की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस द्वारा जब आरोपी से बरामद मादक पदार्थ के वैध कागजात की मांग की गई, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्पीड पोस्ट के जरिए नकली नाम-पते से मादक पदार्थ मंगवाता था और रांची के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दाम पर उसकी बिक्री करता था।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ सुखदेवनगर (पंडरा ओपी) थाना में कांड संख्या 89/26, दिनांक 17.03.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी)/22 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

बरामद सामानों में 10.92 ग्राम चरस, एक “Cali Honey” इनहेलर तथा दो मोबाइल फोन (एक एंड्रॉयड और एक आईफोन 15 प्रो मैक्स) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस पूरे अभियान में कोतवाली डीएसपी सहित पंडरा ओपी प्रभारी, सुखदेवनगर थाना के पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

5
1422 views

Comment