पति ने दो पत्नियों पर किया जानलेवा हमला, एक की मौत, दूसरी गंभीर
सफीदों, (महाबीर मित्तल): सफीदों क्षेत्र के बागडू कलां गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी दोनों पत्नियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात में पहली पत्नी सुनीता (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी पत्नी सबीता (25) गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी-मौत के बीच जूझ रही है। घटना की सूचना पाकर डीएसपी गौरव शर्मा, सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार व सरफाबाद चौंकी इंचार्ज दिलबाग सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पाया कि सुनीता खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि सबीता गंभीर रूप से घायल हालत में तड़प रही थी। पुलिस ने दोनों महिलाओं को सफीदों के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां पर डाक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया और दूसरी महिला सबीता की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया।
घटना के बाद आरोपी सुरेश मौके से फरार हो गया है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी सबूत एकत्र किए। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी सुरेश निवासी बागडू कलां की शादी करीब 15 साल पहले सांपला निवासी सुनीता के साथ हुई थी। शादी के बाद सुनीता से कोई संतान पैदा नहीं हुई थी। अब सुरेश ने संतान प्राप्ति को लेकर यमुनानगर की सबीता के साथ 2 मार्च को शादी कर ली थी। दोनों पत्नियों व पति के बीच जमीन बंटवारे को लेकर कहासुनी चल रही थी। बुधवार सुबह भी इनके बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के बीच तैश में आकर सुरेश ने दोनों पत्नियों पर तेजधार हथियार से हमला बोल दिया। इस हमले में पहली पत्नी सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी पत्नी सबीता बुरी तरह से घायल हो गई। पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
बाक्स:
क्या कहती है पुलिस
इस मामले में सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सुरेश नामक व्यक्ति ने अपनी दोनों पत्नियों पर हमला किया है। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी पति सुरेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।