स्वयंसेवकों को “स्वदेशी और स्वावलंबी भारत” विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया
राजकीय मिडिल स्कूल, रायपुर में प्राचार्य तरुण सैनी के मार्गदर्शन में चल रहे 7 दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर के छठे दिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और सामाजिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश तथा डॉ. निशा का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त अंग्रेजी प्रोफेसर डॉ. बाबू लाल शर्मा ने स्वयंसेवकों को “स्वदेशी और स्वावलंबी भारत” विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने युवाओं को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और बताया कि देश की प्रगति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इसके अतिरिक्त विकास मित्तल, पलवल डोनर क्लब ज्योतिकुंज द्वारा ब्लड डोनेशन और आई डोनेशन के महत्व पर व्याख्यान दिया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों को रक्तदान और नेत्रदान जैसे महान कार्यों के प्रति जागरूक किया तथा समाज में अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निशा द्वारा स्वयंसेवकों को स्टार्टअप और स्वरोजगार के बारे में जानकारी दी गई तथा युवाओं को नए विचारों और नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा एक Donation Drive भी आयोजित की गई, जिसमें पुराने कपड़े एकत्रित किए गए ताकि उन्हें जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाया जा सके। इस पहल के माध्यम से स्वयंसेवकों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य तरुण सैनी ने सभी स्वयंसेवकों को इन सामाजिक विषयों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया और बाहर से आए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।