logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पांढुर्णा में गैस संकट की अफवाह पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ बोले – गैस भरपूर, सिर्फ सर्वर खराब था



पांढुर्णा जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी की अफवाहों के बीच कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी केवल तकनीकी कारणों से सर्वर डाउन होने के कारण हुई थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक सुन्दर सिंह कनेश तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और वितरण व्यवस्था नियमित रूप से जारी है।

समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कई उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के समय ओटीपी नहीं मिल रहा था, जिससे बुकिंग नहीं हो पा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि यह समस्या गैस की कमी से नहीं बल्कि सर्वर में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई थी। सर्वर में आई दिक्कत के कारण ओटीपी जनरेट नहीं हो रहा था, जिससे बुकिंग प्रक्रिया अस्थायी रूप से प्रभावित हुई।

कलेक्टर ने बताया कि तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया गया है और अब सर्वर सामान्य रूप से काम कर रहा है। उपभोक्ता पहले की तरह गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट न फैलाएं।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर गैस आपूर्ति से संबंधित भ्रामक जानकारी फैलाता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर मेघा शर्मा, जिला आपूर्ति अधिकारी रीता मर्सकोले तथा जूनियर सप्लाई ऑफिसर जितेंद्र शिल्पी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

#पांढुर्णा #GasSupply #CollectorPandhurna #BreakingNews #MPNews

5
554 views

Comment