वैशाली, बिहार : डीएम वैशाली के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गोरौल में महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन
डीएम वैशाली के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गोरौल में महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन
वैशाली, हाजीपुर (बिहार)। जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल के तहत मेरा युवा भारत के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
इस क्रम में 8 मार्च को वैशाली जिले के गोरौल हॉकी ग्राउंड, प्रखंड–गोरौल में महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले की महिलाओं एवं बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, महिला समूहों, स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय समुदाय की महिलाओं और बालिकाओं को इसमें सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने जिले की अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं से इस आयोजन में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।