जमशेदपुर : धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर सिंहभूम चैंबर का विरोध-प्रदर्शन
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर सिंहभूम चैंबर का विरोध-प्रदर्शन
जमशेदपुर (झारखंड)। जमशेदपुर एवं कोल्हान क्षेत्र को हवाई संपर्क प्रदान करने हेतु लंबे समय से लंबित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) द्वारा आज गोपाल मैदान के निकट पोस्टल पार्क में एक शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस विरोध-प्रदर्शन में शहर के व्यापारिक, औद्योगिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता व्यक्त की।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए चेंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का शिलान्यास जनवरी 2019 में किया गया था, किंतु कई वर्ष बीत जाने के बावजूद परियोजना पर सार्थक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी भारत का एक प्रमुख औद्योगिक शहर है और यहां प्रत्यक्ष हवाई संपर्क का अभाव उद्योग, व्यापार, निवेश और पर्यटन के विकास में बाधा बन रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार एवं झारखंड सरकार से इस परियोजना से संबंधित सभी शेष प्रक्रियात्मक एवं नियामकीय बाधाओं को शीघ्र दूर कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने तथा इसकी समयबद्ध कार्ययोजना घोषित करने की मांग की।
चेंबर के महासचिव पुनीत कौंटिया ने कहा कि जमशेदपुर के उद्योग जगत और नागरिक कई वर्षों से इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रतीक्षा कर रहे हैं। धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण से कोल्हान क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और इससे औद्योगिक विस्तार, नए निवेश और रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
चेंबर के उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी) ने कहा कि देश के प्रमुख औद्योगिक शहरों में शामिल होने के बावजूद जमशेदपुर में अभी तक सीधी हवाई सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे यह क्षेत्र अन्य औद्योगिक शहरों की तुलना में पिछड़ जाता है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के शीघ्र निर्माण से उद्योग, व्यापार, उद्यमियों तथा पर्यटकों को अत्यधिक लाभ मिलेगा और झारखंड के साथ-साथ पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ आर्थिक संपर्क भी मजबूत होगा।
इस विरोध-प्रदर्शन में जमशेदपुर के सांसद श्री बिद्युत बरन महतो भी शामिल हुए और उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस परियोजना को शीघ्र आगे बढ़ाने के लिए वे केंद्र सरकार के समक्ष इस मुद्दे को मजबूती से उठाते रहेंगे।
इस विरोध-प्रदर्शन में पुनीत कौंटिया, अभिषेक अग्रवाल, हर्ष बांकेरवाल, अनिल मोदी, अनिल रिंगासिया, अंशुल रिंगासिया, राजीव अग्रवाल, सुरेश शर्मा लिपू, भरत मकानी, विनोद शर्मा, ललित केडिया, कमल सिंघानिया, रमेश अग्रवाल, निर्मल काबरा, सुरेश सोनथालिया, आलोक चौधरी, सुमन नागेलिया, विनीता साह, जगदीश खंडेलवाल, दिलीप कुमार, राजीव बधान, कृष्णा भालोटिया, आदर्श डोडराजका, पियूष अडेसरा, राजेश लोधा, पंकज झा, नवल वर्णवाल, चन्द्रकांत झटाकिया, सुधीर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, राजेश पासारी, राजेश मित्तल, अशोक गोयल, नंद किशोर अग्रवाल एवं उमेश खिरवाल सहित लगभग 500 नागरिक उपस्थित रहे।
विरोध-प्रदर्शन के उपरांत झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नाम संबोधित एक ज्ञापन पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से सौंपा गया। यह ज्ञापन उप विकास आयुक्त (DDC) श्री नागेंद्र पासवान की उपस्थिति में दिया गया, जिसमें राज्य सरकार से अनुरोध किया गया कि वह केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर इस महत्वपूर्ण परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाए।
सिंहभूम चेंबर ने आशा व्यक्त की है कि राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजना को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि वर्षों से प्रतीक्षित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना जल्द से जल्द धरातल पर उतर सके।