logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जमशेदपुर : घाटशिला विधायक ने उपायुक्त से की मुलाकात, जनसमस्याओं को लेकर सौंपा मांग पत्र

घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से की मुलाकात, जनसमस्याओं को लेकर सौंपा मांग पत्र

जमशेदपुर (झारखंड)। पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन ने उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया तथा उनसे संबंधित मांग पत्र भी सौंपा। साथ ही विधायक ने पूर्व में दिए गए मांग पत्रों पर अब तक हुई कार्रवाई और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली।

मुलाकात के दौरान विधायक सोमेश सोरेन ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व क्षेत्र में स्थापित बीएसएनएल दूरसंचार टॉवर अब तक चालू नहीं हो पाया है, जिससे स्थानीय लोगों को संचार संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा धान अधिप्राप्ति केंद्र (लैंप्स) में किसानों से धान क्रय के दौरान आ रही विसंगतियों को दूर करने की भी मांग की गई, ताकि किसानों को उचित लाभ मिल सके।
विधायक ने फूलडूंगरी और सिद्धेश्वर धाम को ‘C’ श्रेणी के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा।

साथ ही फूलडूंगरी एनएच से बुरूडीह होते हुए झाटीझारना तक पश्चिम बंगाल सीमा तक सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य कराने की मांग की, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम हो सके। वर्तमान समय में क्षेत्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए इसके समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया।

इसके अतिरिक्त मिर्गीटांड़, डुमकाकोचा और जुवालभांगा में आंगनवाड़ी केंद्र संचालन शुरू कराने तथा मुसाबनी प्रखंड के विक्रमपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय (विलय विद्यालय) को पुनः संचालित करने की मांग भी उपायुक्त के समक्ष रखी गई।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

28
611 views

Comment