राज सिकन्दर मीणा को मनोविज्ञान में डॉक्टरेट की उपाधि
उदयपुर (संवाददाता देवी लाल बैरवा) कोटपुतली निवासी राज सिकन्दर मीणा ने मोहन लाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर से मनोविज्ञान विषय में डॉक्टरेट (PhD) की उपाधि प्राप्त कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनका शोध विषय “दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूलों के स्कूल काउंसलरों द्वारा प्रत्यक्षित संगठनात्मक शिक्षा एवं संगठनात्मक संस्कृति का तुलनात्मक अध्ययन” रहा, जो शिक्षा मनोविज्ञान और शैक्षणिक प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और समसामयिक अध्ययन माना जा रहा है। इस शोध में दिल्ली के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कार्यरत स्कूल काउंसलरों के अनुभवों के आधार पर संगठनात्मक शिक्षा (Organizational Learning) और संगठनात्मक संस्कृति (Organizational Culture) के विभिन्न पहलुओं का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया है, जिससे विद्यालयी वातावरण और परामर्श सेवाओं को बेहतर बनाने में उपयोगी निष्कर्ष सामने आए हैं। वर्तमान में राज सिकन्दर मीणा दिल्ली सरकार के अधीन शैक्षणिक एवं व्यावसायिक परामर्शदाता के रूप में सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। वे विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, करियर मार्गदर्शन और शैक्षणिक विकास से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राज सिकन्दर मीणा के पिता भोम सिंह मीणा तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं तथा माता सरोज देवी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवारजनों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाइयाँ दीं और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।