सलेमपुर के डाक बंगले पर सजा होली मिलन समारोह, फूलों की होली में झूमे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता
सलेमपुर। नगर के ऐतिहासिक डाक बंगले परिसर में होली के पूर्व रंगों और उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और होली की शुभकामनाएं देकर की गई। मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने स्वयं मंच से उतरकर कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ फूलों की होली खेली। पूरे परिसर में “होली है” के जयघोष के बीच उल्लास का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर बरहज विधायक दीपक मिश्रा शाका, एमएलसी रतन पाल सिंह, जयनाथ कुशवाहा उर्फ गुड्डन, पवन उपाध्याय, अमरेश सिंह बबलू, अन्नू सिंह, पुनीत पाठक, अशोक पाण्डेय, जाता शंकर दुबे, सत्यप्रकाश दुबे समेत अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रही। उपजिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार तथा कोतवाली प्रभारी सलेमपुर दिनेश कुमार मिश्र कार्यक्रम में मौजूद रहे और सभी को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित होली मनाने की अपील की।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का पर्व है। यह त्योहार हमें भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने का संदेश देता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को अग्रिम होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक फोटो सत्र और जलपान की व्यवस्था भी रही। डाक बंगले का पूरा परिसर रंग-बिरंगे फूलों और उत्साह से सराबोर नजर आया, जहां होली का रंग समय से पहले ही चढ़ गया।