रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से युवा शतरंज खिलाड़ी श्री अधिराज मित्रा ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से युवा शतरंज खिलाड़ी श्री अधिराज मित्रा ने की मुलाकात
रांची (झारखंड)। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 में (अंडर-14) स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी श्री अधिराज मित्रा ने मुलाकात की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष जमशेदपुर के युवा शतरंज खिलाड़ी श्री अधिराज मित्रा ने 07 से 16 नवंबर 2025 तक मलेशिया में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल शतरंज प्रतिस्पर्धा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल देशों के कई शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। मुख्यमंत्री को श्री अधिराज मित्रा ने अवगत कराया कि वे लोयला स्कूल जमशेदपुर में 8वीं कक्षा के छात्र हैं।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने श्री अधिराज मित्रा को अपनी ओर से हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य के खिलाड़ियों में खेल के प्रति जज्बा और प्रतिभा सराहनीय रहा है। झारखंड के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपने प्रदर्शन का लोहा मनवाते हुए राज्य का नाम रोशन कर दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने युवा शतरंज खिलाड़ी श्री अधिराज मित्रा के उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अधिराज मित्रा की माता श्रीमती रुना मित्रा, पिता श्री उत्तम मित्रा एवं कोच श्री अभिषेक दास उपस्थित थे।