काशी आ रहे सीएम योगी, डोमरी में एक घंटे में होगा तीन लाख पौधरोपण, बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड
वाराणसी काशी अब पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी विश्व पटल पर अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कराने जा रही है। आगामी एक मार्च को डोमरी क्षेत्र में एक अभूतपूर्व महाभियान आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत मात्र एक घंटे के भीतर तीन लाख पौधे रोपे जाएंगे। इस विशाल लक्ष्य के साथ नगर निगम का उद्देश्य न केवल शहर की हरियाली बढ़ाना है, बल्कि इस उपलब्धि को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज कराना है। पौधरोपण की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों होगी।इस संबंध में बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई। मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शहर के आला अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान मेयर ने स्पष्ट किया कि वाराणसी को स्मार्ट सिटी के साथ-साथ ग्रीन सिटी बनाने का संकल्प अब धरातल पर उतरने वाला है।
उन्होंने कहा कि डोमरी में होने वाला यह पौधरोपण अभियान जन-आंदोलन का रूप लेगा। डीएम सत्येंद्र कुमार ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि तीन लाख पौधों के रोपण के लिए जमीन के चिह्नांकन और गड्ढे खोदने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। वहीं, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने इस बड़े आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर जोर दिया, ताकि हजारों की संख्या में जुटने वाले स्वयंसेवकों को कोई असुविधा न हो।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि इस अभियान में नीम, पीपल, पाकड़ और बरगद जैसे छायादार और औषधीय पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह पहल केवल रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है।