कोटा में बदमाशों ने लाठी-डंडों से युवक को पीटा, मौत:इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम, हत्या के मामले में 2 साल तक जेल में भी रहा था बंद
कोटा में पुरानी रंजिश के चलते देर रात बदमाशों ने लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर युवक को मौत के घाट उतार दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हत्या के मामले में 2 साल तक जेल में भी रहा था बंद। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामला गुमानपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात साढ़े 11 बजे के आसपास का है। मृतक की पहचान धीरज सुमन उर्फ बिजली बादशाह(25) गुमानपुरा थाना क्षेत्र के छावनी निवासी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात 3-4 बदमाशों ने धीरज सुमन पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में तुरंत उसे एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों की टीम ने युवक का इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात करीब 1.30 बजे उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
2 साल तक जेल में भी रहा था बंद मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक धीरज सुमन पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल में बंद रहा था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मारपीट करने वाले युवक मृतक के परिचित बताए जा रहे हैं। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को कारण माना जा रहा है।
परिजनों की मौजूदगी में करवाया जाएगा पोस्टमॉर्टम
गुमानपुरा थाना अधिकारी महेश कारगवाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
दीपेश गुरबानी
ज्वाइंट सेक्रेटरी
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन
कोटा राजस्थान