स्वयंसेवक नरेन्द्र कुमार वर्मा ने अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान में युवाओं से संवाद किया
जामडोली l युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत, जयपुर द्वारा आयोजित अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का सफल समापन आई.एल.डी., जामडोली में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के मध्य सांस्कृतिक समन्वय, राष्ट्रीय एकता तथा आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, शासन सचिव, युवा मामले एवं खेल विभाग, राजस्थान, डॉ. नीरज के पवन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऐसे कार्यक्रमों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री के संदेश को आत्मसात करते हुए देश के प्रत्येक नागरिक को एकता के सूत्र में पिरोने का आह्वान किया। साथ ही, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। इस अवसर पर माय भारत, राजस्थान के राज्य निदेशक कृष्ण लाल पारचा ने अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। जिला युवा अधिकारी नेहा कांवत ने कार्यक्रम के दौरान आयोजित विविध गतिविधियों-सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, समूह चर्चाएँ, नेतृत्व विकास सत्र एवं खेल प्रतियोगिताओं-की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश से आए युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए और राष्ट्रीय एकता, सद्भाव एवं सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्राप्त राजस्थान यूथ आइकॉनिक कुलदीप वर्मा के नेतृत्व में अंतर राज्य युवा आदान प्रदान भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधीन माय भारत केन्द्र टोंक के स्वयंसेवक नरेन्द्र कुमार वर्मा ने देवभूमि हिमाचल के विभिन्न जिलों से आये युवाओं से संवाद में वर्तमान परिप्रेक्ष्यों में युवाओं के संदर्भ में यूथकनेक्ट मिशन मैनोबल,युवा नेतृत्व, समुदाय कल्याण राष्ट्र विकास में योगदान पर युवाओं से संवाद किया साथ ही राजस्थान की कला संस्कृति, लोक गीतों, जलवायु, कृषि, पर्यटक स्थलों के बारे में विस्तार से बताया।