सीतापुर जिले के रामपुर बनका ग्राम में पैतृक जमीन पर निर्माण को लेकर विवाद, पुलिस की मौजूदगी में रुका काम , शांति व्यवस्था कायम।
थाना सदना की त्वरित कार्रवाई से टला संभावित विवाद, गांव में शांति कायम
जिला सीतापुर की तहसील मिश्रिख अंतर्गत थाना सदना क्षेत्र के ग्राम रामपुर बंका में पैतृक भूमि को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी रामनाथ यादव एवं धनीराम यादव ने थाना सदना में लिखित प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि उनके छोटे भाई राजेन्द्र यादव द्वारा पैतृक भूमि पर बिना आपसी सहमति एवं विधिक बंटवारे के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शिकायत में सुरक्षा की मांग भी की गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सदना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। एहतियातन निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया। पुलिस की उपस्थिति में दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रकरण की जांच जारी है और आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।