
रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग की संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा, 2025 में आयु सीमा को लेकर बड़ा निर्णय
झारखंड लोक सेवा आयोग की संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा, 2025 में आयु सीमा को लेकर बड़ा निर्णय
रांची (झारखंड)। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त अभ्यावेदनों के आलोक में राज्य सरकार ने झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा, 2025 के लिए आयु सीमा निर्धारण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अभ्यर्थियों द्वारा यह निवेदन किया गया था कि पिछले लगभग 25 वर्षों में केवल आठ बार ही संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित हो सकी है, जिससे अनेक अभ्यर्थियों को आयु सीमा के कारण परीक्षा में सम्मिलित होने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाया।
अभ्यावेदनों में अधिकतम आयु सीमा की गणना हेतु संदर्भ तिथि दिनांक 01.08.2018 रखने का अनुरोध किया गया था। इस संदर्भ में विदित है कि The Jharkhand Combined Civil Services Examination (2nd Amendment) Rules, 2023 के अनुसार अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए तथा विज्ञापन प्रकाशन वर्ष के अगस्त माह के प्रथम दिवस को 35 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की होनी चाहिए।
वर्ष 2021 एवं 2022 की रिक्तियों को सम्मिलित करते हुए संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा, 2023 हेतु विज्ञापन संख्या-01/2024 प्रकाशित किया गया था, जिसके परीक्षा परिणाम वर्ष 2025 में प्रकाशित कर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण की गई। फलस्वरूप वर्ष 2023 एवं 2024 की रिक्तियों के विरुद्ध नियुक्ति हेतु संबंधित वर्षों में परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकी।
अब राज्य सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा, 2025 के लिए वर्ष 2023 एवं 2024 की रिक्तियों को समाहित किया जाएगा। इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न सेवाओं/संवर्गों के अंतर्गत कुल 103 नियमित रिक्त पदों तथा 45 बैकलॉग रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस संबंध में विज्ञापन संख्या-01/2026 प्रकाशित किया जा चुका है तथा बैकलॉग पदों हेतु पृथक विज्ञापन प्रकाशन की प्रक्रिया प्रचलित है।
अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय के तहत, झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी नियुक्ति) प्रतियोगिता परीक्षा, 2025 में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम एवं न्यूनतम आयु सीमा की गणना हेतु क्रमशः दिनांक 01.08.2022 एवं 01.08.2026 को कट-ऑफ तिथि निर्धारित की गई है। यह व्यवस्था सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए केवल संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा, 2025 हेतु ही मान्य होगी।
उक्त प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति की प्रत्याशा में विभागीय संलेख के माध्यम से मुख्यमंत्री की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। आदेश दिया गया है कि इस संकल्प को झारखंड राजपत्र के असाधारण अंक में प्रकाशित किया जाए तथा इसकी सूचना झारखंड लोक सेवा आयोग, संबंधित विभागों, विभागाध्यक्षों एवं उपायुक्तों को प्रेषित की जाए।
इस निर्णय से आयु सीमा के कारण वंचित हो रहे हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त होगा।